हैदराबाद/रंगा रेड्डी। तेलंगाना के रंगा रेड्डी जिले में शनिवार सुबह दिल दहला देने वाली सामूहिक हत्या की वारदात सामने आई। पुलिस के अनुसार, पॉक्सो (POCSO) मामले में जमानत पर बाहर आए 28 वर्षीय राज कुमार ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर छह लोगों की हत्या कर दी। मृतकों में उसकी पत्नी, दो मासूम बच्चे, पॉक्सो मामले की पीड़िता, उसकी मां और दादी शामिल हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अपने खिलाफ दर्ज पॉक्सो केस से नाराज था। यह मामला 16 मई को पीड़िता की मां की शिकायत पर दर्ज किया गया था। जेल से जमानत मिलने के बाद उसने कथित तौर पर बदले की भावना से इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक, उसने अपने माता-पिता को फोन कर आत्महत्या करने की बात भी कही है। इसके बाद से पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि, मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं। इस सामूहिक हत्याकांड से पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है।
