5 साल से फरार हत्या का आरोपी गिरफ्तार, रायपुर पुलिस ने बसना से दबोचा

Follow Us

रायपुर। रायपुर पुलिस ने हत्या के मामले में पिछले पांच वर्षों से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप पटेल के निर्देश पर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सरस्वती नगर पुलिस ने आरोपी सोहेल उर्फ जिमी (38) को बसना क्षेत्र से गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ थाना सरस्वती नगर में वर्ष 2012 में हत्या, हत्या के प्रयास, धमकी और बलवा सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज है। वह न्यायिक अभिरक्षा के दौरान अंबिकापुर केंद्रीय जेल में बंद था। वर्ष 2021 में कोविड-19 महामारी के दौरान शासन के निर्देश पर उसे अस्थायी पैरोल पर रिहा किया गया था, लेकिन पैरोल अवधि समाप्त होने के बाद वह वापस जेल नहीं लौटा और लगातार अपने ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बचता रहा।

सरस्वती नगर पुलिस लगातार मुखबिर तंत्र और तकनीकी माध्यमों से आरोपी की तलाश कर रही थी। 9 जुलाई 2026 को विश्वसनीय सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने बसना क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।