फराह खान बोलीं- ‘लॉक अप’ है ‘बिग बॉस’ से ज्यादा चुनौतीपूर्ण, रितेश देशमुख संग बॉन्डिंग पर भी की बात

Follow Us

मुंबई। रियलिटी शो ‘लॉक अप’ के दूसरे सीजन को लेकर दर्शकों में उत्साह बना हुआ है। शो की नई होस्ट फराह खान ने हाल ही में ‘लॉक अप’ और ‘बिग बॉस’ की तुलना करते हुए कहा कि ‘लॉक अप’ को होस्ट करना उनके लिए ज्यादा चुनौतीपूर्ण अनुभव रहा है। फराह खान के मुताबिक, दोनों शो का फॉर्मेट भले ही रियलिटी बेस्ड हो, लेकिन ‘लॉक अप’ में कंटेस्टेंट्स अपनी जिंदगी से जुड़े बेहद निजी और संवेदनशील राज साझा करते हैं। उन्होंने कहा कि जहां ‘बिग बॉस’ में दर्शकों को लड़ाई-झगड़े ज्यादा देखने को मिलते हैं, वहीं ‘लॉक अप’ बदलाव, सुधार और भावनात्मक सफर की कहानी दिखाता है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि आने वाले एपिसोड्स में कई कंटेस्टेंट्स की छवि बदलती नजर आएगी।

रितेश देशमुख के साथ होस्टिंग को लेकर फराह ने कहा कि दोनों के बीच पुरानी दोस्ती और शानदार तालमेल है। उन्होंने बताया कि दोनों के बीच किसी तरह का ईगो नहीं है और यही वजह है कि वे शो को साथ मिलकर काफी एंजॉय कर रहे हैं। फराह ने यह भी खुलासा किया कि जिन दिनों दोनों अलग-अलग शूटिंग करते हैं, उन दिनों भी वे शूट खत्म होने के बाद एक-दूसरे को फोन कर पूरे दिन की घटनाएं साझा करते हैं, ताकि दोनों शो के हर अपडेट से जुड़े रहें। उनके अनुसार, अलग-अलग नजरिए शो को और भी दिलचस्प बनाते हैं। गौरतलब है कि ‘लॉक अप’ के दूसरे सीजन में राम कपूर, आकांक्षा चमोला, श्रेया कालरा, सुनीता आहूजा, हर्षद चोपड़ा, सूफी मोटीवाला और शिवांगी जोशी समेत कई चर्चित चेहरे बतौर कंटेस्टेंट नजर आ रहे हैं।