मुंबई। राघव जुयाल की आगामी फिल्म ‘भाई तेरा स्टार है’ को लेकर दर्शकों में उत्साह बढ़ता जा रहा है। फिल्म के फर्स्ट लुक के बाद अब मेकर्स ने इसकी पूरी स्टारकास्ट का खुलासा कर दिया है। एक खास वीडियो जारी कर फिल्म से जुड़े सभी कलाकारों की झलक दिखाई गई, जिसने फैंस की दिलचस्पी और बढ़ा दी है।
फिल्म में राघव जुयाल मुख्य भूमिका में अजय सिंह के किरदार में नजर आएंगे। उनके साथ संजय कपूर, बरखा सिंह, निहारिका एनएम, चंदन रॉय सान्याल, विकल्प मेहता, विवान भटेना, निक्की अनेजा वालिया, पार्वती ओमानकुट्टन, टीना देसाई, विनीत बीप कुमार, नासेर अल अजेह और देव बी. अग्रवाल जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
विवेक बी. अग्रवाल के निर्देशन में बनी यह फिल्म ईस्टवुड पिक्चर्स और इंडियन स्टोरीज 2 के बैनर तले तैयार की गई है। हाल ही में रिलीज हुए टीजर में एक ऐसे युवा की कहानी की झलक देखने को मिली, जिसे पूरा भरोसा है कि वह एक दिन बड़ा सुपरस्टार बनेगा। राघव जुयाल अपने अनोखे अंदाज और कॉमेडी टाइमिंग के लिए जाने जाते हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि ‘भाई तेरा स्टार है’ में उनका नया अवतार दर्शकों को कितना पसंद आता है। यह फिल्म 30 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
