कबीरधाम। जिले के पंडरिया थाना क्षेत्र में खेत की मेड़ पर लगाए गए करंटयुक्त फेसिंग तार की चपेट में आने से एक युवा किसान की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, पंडरिया थाना क्षेत्र के ग्राम मंझोली निवासी रामभीषण चंद्रवंशी खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वे खेत की मेड़ पर लगाए गए बिजली प्रवाहित फेसिंग तार के संपर्क में आ गए। तेज करंट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मक्के की फसल को आवारा पशुओं से बचाने के लिए खेत की फेसिंग में अवैध रूप से बिजली का करंट प्रवाहित किया गया था। घटना की सूचना मिलते ही पंडरिया पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि खेत की फेसिंग में अवैध रूप से करंट प्रवाहित करने के लिए जिम्मेदार व्यक्ति कौन है। दोषी के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
