CG वेदर अपडेट: छत्तीसगढ़ में अगले 4 दिन बारिश का दौर, बस्तर समेत 13 जिलों में येलो अलर्ट जारी

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक, तेज हवाएं और कुछ स्थानों पर बिजली गिरने की संभावना है। इसे देखते हुए बस्तर संभाग सहित 13 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

पिछले 24 घंटों के दौरान दक्षिणी छत्तीसगढ़ में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जबकि उत्तर और मध्य क्षेत्रों में वर्षा की गतिविधियां अपेक्षाकृत कमजोर रहीं। गंगालूर में सबसे अधिक 3 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा दंतेवाड़ा, गीदम, लोहंडीगुड़ा, पेण्ड्रा रोड और अन्य इलाकों में भी हल्की से मध्यम वर्षा हुई। वहीं रायपुर में दिनभर बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं होने से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, सक्रिय मानसूनी द्रोणिका और निम्न दबाव का क्षेत्र प्रदेश के मौसम को प्रभावित कर रहा है। इसी वजह से आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है।

राजधानी रायपुर में शुक्रवार को आसमान में बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने और अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, कोंडागांव, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, जशपुर और सरगुजा जिलों में बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है।