पत्नी के प्रेमी को घर बुलाकर की हत्या, सोते समय कुल्हाड़ी से किया वार; आरोपी पति गिरफ्तार

Follow Us

धमतरी। जिले के केरेगांव थाना क्षेत्र में अवैध संबंध के शक में एक युवक की कुल्हाड़ी मारकर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी बरामद कर ली है। पुलिस के अनुसार, ग्राम बाजार कुर्रीडीह निवासी पूर्णिमा सोरी (31) का मध्यप्रदेश के मंदसौर निवासी शंकर सूर्यवंशी से पिछले करीब एक साल से प्रेम संबंध था। कुछ दिन पहले पूर्णिमा अपनी दो बेटियों के साथ शंकर के घर गई थी और चार-पांच दिन बाद वापस लौटी थी। इसी बात से नाराज पति योगेंद्र सोरी ने हत्या की साजिश रची।

8 जुलाई को शंकर के गांव पहुंचने पर योगेंद्र ने पत्नी के जरिए उसे घर बुलाया। रात में सभी ने साथ खाना खाया और एक ही हॉल में सो गए। तड़के करीब 3 बजे योगेंद्र ने सो रहे शंकर पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे 108 एम्बुलेंस से जिला अस्पताल धमतरी ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर केरेगांव पुलिस मौके पर पहुंची, जांच के दौरान हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी जब्त कर आरोपी योगेंद्र सोरी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। घटना के बाद इलाके में यह अफवाह फैली कि मृतक पुलिस जवान था, लेकिन पुलिस ने स्पष्ट किया कि शंकर सूर्यवंशी किसी भी सुरक्षा बल का सदस्य नहीं था।