रायपुर। राजनांदगांव जिले में हाल ही में निर्मित तीन रेलवे ओवरब्रिजों में दरारें आने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। निर्माण गुणवत्ता पर सवाल उठने के बाद विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। डॉ. रमन सिंह ने अपने पत्र में कहा कि राजनांदगांव जिले के बरगा, आलीवारा और मुसरा स्थित नवनिर्मित रेलवे ओवरब्रिजों में हालिया बारिश के बाद गंभीर क्षति सामने आई है। लोकार्पण के कुछ ही दिनों बाद पुलों में दरारें आना निर्माण कार्य की गुणवत्ता और तकनीकी मानकों पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने बताया कि दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर जोन के नागपुर मंडल अंतर्गत डोंगरगढ़-राजनांदगांव रेलखंड पर प्रधानमंत्री गति शक्ति योजना के तहत करीब 26 करोड़ रुपये की लागत से इन रेलवे ओवरब्रिजों का निर्माण कराया गया था। इनका लोकार्पण जून 2026 में किया गया था। इसके बाद 4 और 5 जुलाई को हुई बारिश के बाद पुलों में करीब 60 से 70 फीट लंबी और 15 से 20 सेंटीमीटर चौड़ी दरारें दिखाई दीं। दरारों के चलते पुलों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है और इन्हें फिलहाल आवागमन के लिए असुरक्षित माना जा रहा है। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि किसी भी सार्वजनिक निर्माण का उद्घाटन होने के तुरंत बाद इस तरह क्षतिग्रस्त होना बेहद गंभीर विषय है। इससे स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों में भी नाराजगी है।
अपने पत्र में डॉ. रमन सिंह ने रेल मंत्री से मांग की है कि निर्माण एजेंसी, ठेकेदार, सलाहकार और संबंधित अधिकारियों की भूमिका की जांच कर जिम्मेदारी तय की जाए। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के साथ-साथ प्रभावित ओवरब्रिजों का तत्काल सुरक्षा परीक्षण कराने और आवश्यक मरम्मत या पुनर्निर्माण सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जनहित और सार्वजनिक धन की सुरक्षा को देखते हुए रेल मंत्रालय इस मामले में जल्द और प्रभावी कदम उठाएगा।
