कोरबा में तेज रफ्तार ट्रेलर का कहर: 6 मवेशियों की मौत, चालक को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा

Follow Us

कोरबा। जिले के उरगा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार ट्रेलर ने 6 मवेशियों को रौंद दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दो अन्य मवेशी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना कुदुरमाल भाटापारा स्थित धनराज पेट्रोल पंप के पास की है।
जानकारी के अनुसार, ट्रेलर कुदुरमाल की ओर तेज गति से जा रहा था। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े और सड़क पार कर रहे मवेशियों के झुंड को ट्रेलर ने अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि छह मवेशियों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद चालक ट्रेलर लेकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन स्थानीय ग्रामीणों ने उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया और उरगा पुलिस के हवाले कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृत मवेशियों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए घायल मवेशियों का उपचार शुरू कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।