मुंबई। फिल्म इंडस्ट्री के लोकप्रिय होस्ट और अभिनेता मनीष पॉल पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनकी मां उर्मिल पॉल का 77 वर्ष की उम्र में दिल्ली में निधन हो गया। परिवार ने फिलहाल निधन के कारण का खुलासा नहीं किया है। मनीष पॉल की टीम ने आधिकारिक बयान जारी कर इस दुखद खबर की पुष्टि की है।
मां के निधन के बाद मनीष पॉल ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर उनके साथ एक भावुक तस्वीर साझा करते हुए इमोशनल नोट लिखा। उन्होंने लिखा, “आज दुनिया थोड़ी शांत लग रही है। आज सुबह मैंने अपनी माँ को अलविदा कहा—जो मेरा पहला घर थीं, मुझे सबसे ज़्यादा सुकून देने वाली थीं और मेरी ज़िंदगी की सबसे मज़बूत महिला थीं। आपके जाने से जो खालीपन आया है, उसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। मैं आपका प्यार, आपकी हिम्मत, आपकी नेकी और आपके दिए हर सबक को हमेशा अपने साथ लेकर चलूँगा। उम्मीद है कि अब आपको सुकून मिल गया होगा। मुझे उस तरह प्यार करने के लिए शुक्रिया, जैसा सिर्फ़ एक माँ ही कर सकती है। फिर मिलने तक… हमेशा-हमेशा आपसे प्यार करता रहूँगा।”
मनीष पॉल की टीम ने अपने बयान में कहा, “बहुत दुख के साथ हम आपको बताना चाहते हैं कि अभिनेता मनीष पॉल की मां का आज दिल्ली में 77 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। हम सभी से उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करने का अनुरोध करते हैं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।” बता दें कि मनीष पॉल अपनी मां के बेहद करीब थे। वह अक्सर इंटरव्यू और सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपनी मां के साथ अपने खास रिश्ते की झलक साझा करते रहते थे। उनके निधन की खबर से फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में शोक की लहर है।

