बलूचिस्तान में बीएलए का खूनी हमला: 42 सुरक्षाकर्मियों की मौत, टैंपो में ले जाए गए ताबूतों का वायरल वीडियो

Follow Us

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में सुरक्षा बलों पर हुए बड़े हमले के बाद हालात एक बार फिर तनावपूर्ण हो गए हैं। जियारत जिले में प्रतिबंधित संगठन बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) के हमले में मारे गए सुरक्षाकर्मियों की संख्या बढ़कर 42 पहुंच गई है। पाकिस्तानी अधिकारियों के अनुसार, मृतकों में बड़ी संख्या पुलिसकर्मियों और सैनिकों की है। BLA ने हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है।

हमले के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कई ताबूतों को खुले टैंपो में ले जाते हुए देखा जा सकता है। वीडियो को लेकर पाकिस्तान में भी बहस छिड़ गई है। कई सोशल मीडिया यूजर्स और स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए हैं कि ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले सुरक्षाकर्मियों को अंतिम विदाई के दौरान पर्याप्त सम्मान क्यों नहीं दिया गया।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, सप्ताह की शुरुआत में जियारत जिले में एक पुलिस चौकी पर हमला हुआ था, जहां कई पुलिसकर्मियों का अपहरण कर लिया गया। बाद में उनके शव बरामद होने के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 42 हो गई। पाकिस्तान सरकार ने हमले के लिए BLA को जिम्मेदार ठहराते हुए संगठन पर बाहरी समर्थन मिलने का आरोप लगाया है। वहीं, बलूचिस्तान में लगातार बढ़ती हिंसा ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।