पुणे में तीन मंजिला इमारत ढही, मलबे में 15 लोगों के फंसे होने की आशंका, राहत-बचाव जारी

Follow Us

पुणे। महाराष्ट्र के पिंपरी-चिंचवड़ क्षेत्र के मोशी इलाके में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। वेस्ट-टू-एनर्जी प्रोजेक्ट से जुड़ी एक तीन मंजिला इमारत अचानक ढह गई। हादसे के बाद मलबे में करीब 15 लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही एनडीआरएफ, फायर ब्रिगेड, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुट गईं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, लगातार हो रही भारी बारिश के कारण कचरे का बड़ा ढेर अस्थिर होकर इमारत पर आ गिरा, जिससे भवन पूरी तरह ढह गया। हादसे के समय इमारत में कई कर्मचारी मौजूद थे।

पिंपरी-चिंचवड़ नगर निगम (PCMC) के आयुक्त विजय सूर्यवंशी ने बताया कि यह प्रशासनिक भवन पुराने कचरे के बड़े ढेर के पास बनाया गया था। संबंधित निजी कंपनी कचरे के प्रोसेसिंग और निपटान का कार्य कर रही थी। स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे के समय भवन में 15 से अधिक लोग मौजूद थे। फिलहाल बचाव एजेंसियां मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए युद्धस्तर पर अभियान चला रही हैं। प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इस बीच, मौसम विभाग ने महाराष्ट्र में अगले पांच दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और मौसम विभाग की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।