बड़ी खबर: EOW की हिरासत में कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल, शराब, कोल लेवी और कस्टम मिलिंग घोटालों में पूछताछ

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित कथित शराब घोटाला, कोल लेवी घोटाला और कस्टम मिलिंग घोटाला मामलों में आरोपी कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) के कार्यालय पहुंचे, जहां एजेंसी ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। रामगोपाल अग्रवाल कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष और नान के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं। वे पिछले तीन वर्षों से जांच एजेंसियों की नजर में थे। जानकारी के अनुसार, चावल (कस्टम मिलिंग) घोटाले के मामले में समन जारी होने के बाद बुधवार को रामगोपाल अग्रवाल EOW कार्यालय पहुंचे। इससे एक दिन पहले EOW ने उनके बेटे वैभव अग्रवाल से भी कई घंटों तक पूछताछ की थी।

EOW के अनुसार, कथित कस्टम मिलिंग प्रोत्साहन घोटाला वर्ष 2015 से 2023 के बीच राइस मिलर्स को दी गई प्रोत्साहन राशि में अनियमितताओं से जुड़ा है। जांच एजेंसी का दावा है कि नियमों का उल्लंघन कर चुनिंदा राइस मिलर्स को अनुचित लाभ पहुंचाया गया, जिससे करीब 127 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। मामले की जांच जारी है और आरोपों की न्यायिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। वहीं, कथित कोल लेवी घोटाला वर्ष 2020 से 2022 के बीच कोयला परिवहन में प्रति टन अवैध वसूली से जुड़ा है। ED और EOW का दावा है कि इस नेटवर्क के जरिए करीब 540 करोड़ रुपये की अवैध लेवी वसूली गई। मामले में कई अधिकारियों, कारोबारियों और राजनीतिक रूप से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।

इसके अलावा, कथित शराब घोटाला भी जांच के दायरे में है। जांच एजेंसियों के अनुसार, वर्ष 2019 से 2022 के बीच सरकारी शराब बिक्री व्यवस्था में सिंडिकेट बनाकर अवैध शराब बिक्री, कमीशनखोरी और राजस्व को नुकसान पहुंचाया गया। ED और EOW का दावा है कि इस मामले में करीब 3,200 करोड़ रुपये के अनियमित वित्तीय लेनदेन की जांच की जा रही है। हालांकि, इन सभी मामलों में आरोपों की न्यायिक पुष्टि अभी नहीं हुई है और जांच तथा अदालती प्रक्रिया जारी है।