रायपुर। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रदेश कार्यालय स्थित सहयोग केंद्र में वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने आमजनों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान आयोजित जनसुनवाई में 300 से अधिक लोग अपनी शिकायतें और मांगों को लेकर पहुंचे। वित्त मंत्री ने कई मामलों में तत्काल कार्रवाई करते हुए 100 से ज्यादा आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कराया। जनसुनवाई के दौरान वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने संबंधित अधिकारियों से फोन पर चर्चा कर कई समस्याओं का तुरंत समाधान कराया। वहीं अन्य मांग और शिकायतों से जुड़े आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजते हुए जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
मीडिया से चर्चा करते हुए ओपी चौधरी ने कहा कि सरकार आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए लगातार काम कर रही है। सहयोग केंद्र का उद्देश्य लोगों को एक ही स्थान पर अपनी समस्याएं रखने और उनके समाधान की सुविधा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि जनसामान्य से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के साथ देखा जा रहा है और विभागों को समय-सीमा में समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता अशोक बजाज और प्रबल प्रताप जूदेव सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
