कोरबा। जिले के कटघोरा क्षेत्र के डिंडोलभाठा में मछली पकड़ने के दौरान उफनते नाले में बहे ग्रामीण बंधु लोहार का शव 48 घंटे बाद बरामद कर लिया गया है। पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने लगातार सर्च ऑपरेशन चलाकर शव को नाले से बाहर निकाला। जानकारी के अनुसार, डिंडोलभाठा गांव निवासी 52 वर्षीय बंधु लोहार सोमवार को गांव के पास स्थित नाले में मछली पकड़ने गए थे। इसी दौरान अचानक पानी का बहाव तेज हो गया और संभलने का मौका मिलने से पहले ही वे तेज धार में बह गए।
काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। अगले दिन पुलिस को घटना की सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी मोतीलाल पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान शुरू कराया। नाले में तेज बहाव और लगातार बारिश के कारण बचाव अभियान में काफी मुश्किलें आईं। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने मंगलवार को पूरे दिन सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन अंधेरा होने और पानी का बहाव अधिक होने के कारण अभियान रोकना पड़ा। बताया जा रहा है कि यह नाला आगे जाकर अहिरन नदी में मिलता है। बारिश के कारण जलस्तर बढ़ने से रेस्क्यू प्रभावित हुआ। बुधवार सुबह पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने दोबारा तलाश शुरू की और कई घंटों की मशक्कत के बाद बंधु लोहार का शव बरामद कर लिया। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया है।

