बीजापुर। सड़क सुरक्षा को लेकर बीजापुर पुलिस ने विशेष जांच अभियान चलाते हुए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। अभियान के दौरान 62 वाहन चालकों के चालान काटे गए और उनसे कुल 27,200 रुपये का समन शुल्क वसूला गया। यह विशेष अभियान पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र यादव के मार्गदर्शन में संचालित किया गया। जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से यह कार्रवाई डीएसपी एवं यातायात नोडल अधिकारी विनीत साहू के नेतृत्व में की गई।
अभियान के दौरान यातायात प्रभारी केशव ठाकुर, सहायक उप निरीक्षक विजय मंडावी सहित यातायात शाखा के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। जांच के दौरान मोटर वाहन अधिनियम के तहत नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। कार्रवाई के साथ-साथ पुलिस ने जागरूकता अभियान भी चलाया। इस दौरान वाहन चालकों और आम नागरिकों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट का उपयोग करने और अन्य यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही सभी को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन की शपथ भी दिलाई गई।
बीजापुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन कर अपनी और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। पुलिस ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे विशेष जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

