रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश एन.एच.एम. कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने आज माननीय स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल से सौजन्य भेंट कर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा 13 जून 2026 को आयोजित प्रदेश स्तरीय एन.एच.एम. महासम्मेलन में की गई घोषणाओं के शीघ्र क्रियान्वयन हेतु आवश्यक आदेश जारी करने का आग्रह किया।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि, महासम्मेलन में माननीय मुख्यमंत्री द्वारा ग्रेड पे समिति के गठन, पब्लिक हेल्थ कैडर की स्थापना, नई मानव संसाधन नीति, स्थानांतरण नीति, अनुकंपा नियुक्ति, कैंसलेश इलाज की सुविधा,मुख्यमंत्री जी का मंच से किये गए घोषणा अनुसार कर्मचारियों का हड़ताल अवधि का वेतन सहित एन.एच.एम. कर्मचारियों के हितों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर सकारात्मक घोषणाएँ की गई थीं। इन घोषणाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन से प्रदेश के 18 हजार से अधिक एन.एच.एम. कर्मचारियों को लाभ मिलेगा तथा राज्य की स्वास्थ्य सेवाएँ और अधिक सशक्त एवं प्रभावी होंगी।
संघ ने स्वास्थ्य मंत्री से अनुरोध किया कि मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, स्वास्थ्य भवन तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन स्तर पर आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण कर आदेश जारी किए जाएँ, ताकि कर्मचारियों को घोषणाओं का लाभ जल्द प्राप्त हो सके।
संघ के प्रदेश प्रवक्ता पुरन दास ने कहा कि, छत्तीसगढ़ प्रदेश एन.एच.एम. कर्मचारी संघ हमेशा सकारात्मक संवाद एवं संवैधानिक प्रक्रिया के माध्यम से कर्मचारियों की समस्याओं और मांगों को शासन के समक्ष रखता रहा है। मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाएँ प्रदेश के एन.एच.एम. कर्मचारियों के लिए ऐतिहासिक एवं आशाजनक हैं। अब कर्मचारियों की अपेक्षा है कि इन घोषणाओं का शीघ्र क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए आवश्यक आदेश जारी किए जाएँ।
सौजन्य भेंट के दौरान माननीय स्वास्थ्य मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विषयों पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया एवं इस विषय पर उच्च पदस्थ अधिकारीयों से दूर भाषा से चर्चा किये है। संघ ने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री के नेतृत्व में सभी घोषणाओं का शीघ्र क्रियान्वयन होगा, जिससे प्रदेश के एन.एच.एम. कर्मचारियों का मनोबल और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता दोनों सुदृढ़ होंगे।
