मुंबई। मुंबई के कल्याण-डोंबिवली इलाके के शास्त्रीनगर अस्पताल में कथित मारपीट का मामला सामने आया है, जिसमें शिवसेना (शिंदे गुट) के नगरसेवक रमेश म्हात्रे और उनके समर्थकों पर डॉक्टरों व नर्सिंग स्टाफ के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट का आरोप लगाया गया है। घटना के बाद अस्पताल के स्वास्थ्यकर्मियों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने विरोध में काम बंद कर दिया। जानकारी के मुताबिक, मामला उस समय बढ़ा जब एक गर्भवती महिला की डिलीवरी के बाद नवजात को NICU की जरूरत पड़ने की संभावना जताई गई। अस्पताल में NICU बेड उपलब्ध नहीं होने के कारण डॉक्टरों ने परिवार को बच्चे को जरूरत पड़ने पर दूसरे अस्पताल में शिफ्ट करने की सलाह दी थी।
आरोप है कि, इस फैसले से नाराज परिजनों ने पार्षद को बुलाया, जिसके बाद अस्पताल में हंगामा हुआ। डॉक्टरों का दावा है कि, उनके साथ गाली-गलौज, मारपीट और धमकी दी गई। घटना के बाद डॉक्टरों और नर्सों ने सुरक्षा की मांग करते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर रमेश म्हात्रे समेत छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की स्थानीय इकाइयों ने भी कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
