‘ओह माय डॉग’ का टीजर रिलीज: पंकज त्रिपाठी और 250 से ज्यादा डॉग्स के साथ लौटे अमित राय

Follow Us

मुंबई। सामाजिक मुद्दों पर आधारित फिल्म ‘Ohh My God’ का निर्देशन कर चुके अमित राय अब एक नई भावनात्मक कहानी के साथ बड़े पर्दे पर लौट रहे हैं। उनकी अपकमिंग फिल्म ‘Ohh My Dog’ का ऑफिशियल टीजर रिलीज हो गया है। टीजर ने अपने अनोखे विषय और दमदार स्टारकास्ट की वजह से दर्शकों का ध्यान खींच लिया है। खास बात यह है कि फिल्म में पंकज त्रिपाठी के साथ 250 से ज्यादा डॉग्स भी अहम भूमिका में नजर आएंगे।

टीजर की शुरुआत अमिताभ बच्चन के मशहूर गीत ‘मेरे पास आओ मेरे दोस्तों, एक किस्सा सुनो’ से होती है। यह गीत फिल्म के भावनात्मक माहौल को खूबसूरती से स्थापित करता है और शुरुआती झलक से ही साफ हो जाता है कि फिल्म मनोरंजन के साथ एक गहरा सामाजिक और भावनात्मक संदेश भी देने वाली है। फिल्म की कहानी एक छोटे बच्चे और एक कुत्ते के बीच बने अनोखे रिश्ते पर आधारित है। इसमें बिना किसी स्वार्थ के प्यार, विश्वास और दोस्ती को दिखाया गया है। यह सिर्फ एक बच्चे और उसके पालतू साथी की कहानी नहीं, बल्कि हर जीव के प्रति संवेदनशीलता और करुणा का संदेश देने वाली पारिवारिक फिल्म है।

फिल्म में पंकज त्रिपाठी के अलावा माही राय, गीता अग्रवाल शर्मा, राजेश कुमार, पवन मल्होत्रा, सुलक्षणा बरुआ और विजय मिश्रा अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। वहीं ऑस्कर और ब्रूनो नाम के दो डॉग्स भी फिल्म का खास आकर्षण हैं। निर्देशक अमित राय ने कहा कि कुत्ते हमें निस्वार्थ प्रेम, वफादारी और रिश्तों की सच्ची अहमियत सिखाते हैं। उन्होंने बताया कि उनका उद्देश्य ऐसी फिल्म बनाना था, जिसे पूरा परिवार साथ बैठकर देख सके और जो हर जीव के प्रति दया, संवेदना और जिम्मेदारी का संदेश दे।