बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में खराब सड़क को लेकर कांग्रेस ने अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया। बिल्हा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कड़ार सेवार में वर्षों से जर्जर पड़ी मुख्य सड़क की हालत को लेकर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गड्ढों में भरे पानी को तालाब का रूप देकर प्रतीकात्मक रूप से मछली पालन किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क के बड़े-बड़े गड्ढों में जमा पानी में जाल डालकर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश की। इस प्रदर्शन का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि यह सड़क ग्रामीणों के लिए आवागमन का प्रमुख मार्ग है, लेकिन लंबे समय से इसकी स्थिति खराब बनी हुई है। बारिश के मौसम में गड्ढों में पानी भर जाने से राहगीरों, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि सड़क की खराब स्थिति के कारण कई बार दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ग्रामीण लंबे समय से सड़क निर्माण और मरम्मत की मांग कर रहे हैं। इस संबंध में कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन भी सौंपे गए, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए यह सांकेतिक प्रदर्शन किया गया है। उन्होंने जल्द सड़क निर्माण की मांग करते हुए चेतावनी दी कि समस्या का समाधान नहीं होने पर आगे भी आंदोलन किया जाएगा।

