बिलासपुर।छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक महिला का शव नाले से मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल मामले की जांच विभिन्न पहलुओं से की जा रही है। जानकारी के अनुसार, तोरवा थाना क्षेत्र स्थित रेलवे परिसर के पास तितली चौक के नाले में लोगों ने एक महिला का शव देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, मृतका की उम्र करीब 40 से 45 वर्ष के बीच बताई जा रही है। महिला की पहचान के लिए उसकी तस्वीर जिले के सभी थानों में भेजी गई है और गुमशुदगी के मामलों से भी उसका मिलान कराया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट हो पाएंगे। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
