जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे शहर को झकझोर दिया। श्याम नगर थाना क्षेत्र के 200 फीट बाईपास पर तेज रफ्तार ट्रॉला अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक परिवार पर चढ़ गया। हादसे में तीन बच्चों और उनके पिता की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल है। दुर्घटना के बाद ट्रॉला चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान चंद्र प्रकाश और उनके तीन बच्चों के रूप में हुई है। गंभीर रूप से घायल पत्नी कैलाशी का अस्पताल में इलाज जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रॉला पहले लोहे की सुरक्षा रेलिंग तोड़ते हुए फुटपाथ तक पहुंचा और फिर परिवार को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया।
बताया जा रहा है कि, परिवार मजदूरी और छोटे-मोटे सामान बेचकर अपना जीवनयापन करता था। घटना के समय सभी लोग रोजी-रोटी की तलाश में पैदल जा रहे थे। पुलिस ने ट्रॉले को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
