तेहरान/मस्कट। मध्य पूर्व के रणनीतिक होर्मुज जलडमरूमध्य में एक बार फिर तनाव गहरा गया है। ओमान के तट के पास एक तेल टैंकर पर मिसाइल हमला होने के बाद क्षेत्र की सुरक्षा को लेकर नई चिंताएं पैदा हो गई हैं। ब्रिटिश समुद्री सुरक्षा एजेंसी UKMTO ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि ओमान के लीमाह क्षेत्र के पूर्व में जहाज पर हमला हुआ, जिससे उसमें आग लग गई। हालांकि चालक दल के सुरक्षित होने की जानकारी सामने आई है।
रिपोर्टों के अनुसार, अमेरिकी अधिकारियों ने दावा किया है कि ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे दो वाणिज्यिक जहाजों पर भी मिसाइलें दागीं। हमले में जहाजों को नुकसान पहुंचा, लेकिन किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। इन दावों पर ईरान की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में IRGC ने इस समुद्री मार्ग से गुजरने वाले जहाजों को चेतावनी भी दी थी। लगातार हो रही घटनाओं ने वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए अहम माने जाने वाले होर्मुज जलडमरूमध्य में सुरक्षा और नौवहन को लेकर चिंता बढ़ा दी है। अंतरराष्ट्रीय समुदाय अब क्षेत्र की स्थिति पर करीबी नजर बनाए हुए है।
