राम मंदिर ट्रस्ट की अहम बैठक जारी: चढ़ावा चोरी विवाद के बीच चंपत राय-अनिल मिश्रा के इस्तीफे पर फैसला संभव

Follow Us

आयोध्या। अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की अहम बैठक सोमवार को राम मंदिर परिसर में आयोजित की गई। चढ़ावा चोरी के मामले के सामने आने के बाद यह पहली बैठक है, जिसमें ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और सदस्य अनिल मिश्रा के इस्तीफों पर फैसला लिया जा सकता है। दोनों पहले ही अपने पदों से त्यागपत्र दे चुके हैं।

सूत्रों के अनुसार, बैठक में दोनों नेताओं के नाम को लेकर कई सदस्यों ने नाराजगी जताई और मामले पर गंभीर चर्चा हुई। ट्रस्ट के 14 सदस्यों में से 9 सदस्य बैठक में प्रत्यक्ष रूप से शामिल हुए, जबकि केंद्र और राज्य सरकार के नामित सदस्य वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। चंपत राय और अनिल मिश्रा बैठक में मौजूद नहीं रहे।

ट्रस्ट अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास ने कहा कि जो भी इस प्रकरण में दोषी पाया जाएगा, उसे सजा दिलाई जाएगी। बताया जा रहा है कि गोपनीयता बनाए रखने के लिए इस बार बैठक मणिराम दास छावनी के बजाय राम मंदिर परिसर में आयोजित की गई।

वहीं, इस विवाद पर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। अखिलेश यादव ने चढ़ावा और चंदे में कथित अनियमितताओं को लेकर सरकार और ट्रस्ट पर निशाना साधते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। दूसरी ओर, योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि “राम राष्ट्र की आत्मा हैं” और भव्य राम मंदिर राष्ट्र की सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक है।

उधर, आलोक शर्मा ने ट्रस्ट की कार्यप्रणाली और कथित डोनेशन विवाद को लेकर केंद्र सरकार से जवाब मांगा। अब सभी की निगाहें ट्रस्ट की बैठक में लिए जाने वाले फैसलों पर टिकी हैं, जिनका इस पूरे विवाद पर बड़ा असर पड़ सकता है।