मुंबई। रियलिटी शो ‘लॉक अप 2’ में अभिनेता राम कपूर का धैर्य आखिरकार जवाब दे गया। हालिया एपिसोड में उन्होंने शो छोड़ने की इच्छा जाहिर करते हुए मेकर्स से जल्द बाहर निकालने की गुजारिश की। खाने को लेकर हुए विवाद के बाद राम कपूर भावुक नजर आए और कहा कि इस शो में आना उनकी गलती थी। दरअसल, कंटेस्टेंट्स के पास सभी के लिए खाना खरीदने के लिए केवल 3,400 रुपये बचे थे। सभी ने पैसे खर्च करने के बजाय भूखे रहकर विरोध जताने का फैसला किया, लेकिन यह रणनीति उलटी पड़ गई और अगले दिन तक उनके पास बचे पैसे भी खत्म हो गए। इसके बाद सभी बिना खाने के रह गए।
राम कपूर ने इसके बाद उस टास्क में हिस्सा लेने से भी इनकार कर दिया, जिसके जरिए राशन मिल सकता था। उन्होंने कहा, “यह शो मेरे लिए सही नहीं है। शायद मैं भी इस शो के लिए सही नहीं हूं। मुझे ऐसे शो के लिए हां नहीं कहना चाहिए था। इसलिए मैं जल्द से जल्द इस शो से बाहर जाना चाहता हूं।” बाद में होस्ट रितेश देशमुख ने सभी कंटेस्टेंट्स को टास्क के लिए बुलाया और बगावत की वजह पूछी। उन्होंने कहा कि कंटेस्टेंट्स अपने पैसों का सही इस्तेमाल नहीं कर पाए और फिर खाने के लिए मेकर्स को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।
इसी दौरान आकांक्षा चमोला ने बगावत के लिए राम कपूर को जिम्मेदार बताया। इस पर राम कपूर ने कहा, “मैंने इस एक हफ्ते में समझ लिया है कि मैंने गलती की। मैंने गलती से यह शो चुना।” वहीं, शो में सुनीता आहूजा भी भावुक हो गईं। उन्होंने अपने बच्चों की याद आने की बात कहते हुए रितेश देशमुख से उन्हें शो से बाहर भेजने की गुजारिश की। इस पर रितेश ने सभी कंटेस्टेंट्स को भरोसा दिलाया कि उनकी देखभाल की पूरी जिम्मेदारी शो की टीम की है।

