मुंबई के मानखुर्द में 3 मंजिला चॉल ढही, 6 की मौत, भारी बारिश से शहर में हाहाकार

Follow Us

मुंबई। मुंबई में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने एक बार फिर बड़ा हादसा खड़ा कर दिया है। रविवार रात मानखुर्द के जनता नगर इलाके में स्थित एक तीन मंजिला चॉल का हिस्सा अचानक ढह गया, जिसमें अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य घायल हैं। मरने वालों में चार महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार, हादसा हनुमान मंदिर के पीछे स्थित चॉल नंबर-5 में हुआ, जहां भारी बारिश के कारण ग्राउंड प्लस तीन मंजिला संरचना की कुछ झोपड़ीनुमा इकाइयां भरभराकर गिर गईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस, बीएमसी और 108 एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। मलबे में अभी भी कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। बीएमसी अधिकारियों ने बताया कि लगातार बारिश के कारण मुंबई के कई इलाकों में 200 से 300 मिमी तक बारिश दर्ज की गई है, जिससे कमजोर इमारतों पर खतरा बढ़ गया है। प्रशासन ने इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है और राहत कार्य जारी है।