ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी: 1.58 लाख नाम हटे; महिलाओं की संख्या फिर पुरुषों से ज्यादा

Follow Us

इंफाल। मणिपुर में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद निर्वाचन आयोग ने नई ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी है। संशोधित सूची में कुल 19.34 लाख मतदाता शामिल हैं, जबकि जांच के दौरान डुप्लीकेट, मृत और सत्यापन में असफल पाए गए करीब 1.58 लाख नाम हटाए गए हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि जिन लोगों का नाम सूची में शामिल नहीं है, वे 5 जुलाई से 4 अगस्त के बीच दावा या आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। अंतिम मतदाता सूची 6 सितंबर को प्रकाशित होगी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी अरुण कुमार सिन्हा के अनुसार, इस बार भी महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से अधिक है। ड्राफ्ट सूची में 9.93 लाख महिला, 9.40 लाख पुरुष और 294 तृतीय लिंग के मतदाता दर्ज किए गए हैं। विशेष पुनरीक्षण अभियान के दौरान घर-घर जाकर सत्यापन किया गया और लगभग 92.42 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने गणना फॉर्म जमा किए। निर्वाचन आयोग के मुताबिक, हजारों डुप्लीकेट नाम, मृत मतदाताओं के रिकॉर्ड और कई अपुष्ट प्रविष्टियां सामने आईं। जिन मतदाताओं का रिकॉर्ड सत्यापित नहीं हो सका, उन्हें आवश्यक दस्तावेज जमा कर अपना दावा प्रस्तुत करने का अवसर दिया जाएगा। इसके बाद जांच पूरी कर अंतिम सूची जारी की जाएगी।