सोफी डिवाइन का भावुक अलविदा: 20 साल के शानदार अंतरराष्ट्रीय करियर पर न्यूजीलैंड की दिग्गज कप्तान ने लिया संन्यास

Follow Us

नई दिल्ली। न्यूजीलैंड की पूर्व कप्तान और दिग्गज ऑलराउंडर सोफी डिवाइन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास के बाद अपने 20 साल लंबे करियर पर भावुक संदेश साझा किया है। आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 के बाद उन्होंने खेल को अलविदा कहा। डिवाइन का अंतिम अंतरराष्ट्रीय मैच टूर्नामेंट में न्यूजीलैंड की हार के साथ समाप्त हुआ, जिसके बाद उन्होंने अपनी साथी खिलाड़ियों सूजी बेट्स और ली ताहुहू के साथ मैदान से विदाई ली। उन्होंने इस पल को अपने करियर का बेहद खास और भावनात्मक क्षण बताया। सोशल मीडिया पर साझा संदेश में डिवाइन ने अपने साथियों, कोचों, फिजियोथेरेपिस्टों, सपोर्ट स्टाफ और प्रशंसकों का आभार जताया।

उन्होंने कहा कि, पिछले 20 वर्षों की यात्रा को शब्दों में समेटना मुश्किल है और हर किसी का योगदान उनके लिए अमूल्य रहा है। उन्होंने अपनी टीम ‘व्हाइट फर्न्स’ के साथियों को अपनी सफलता का सबसे बड़ा कारण बताया और कहा कि, देश का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व की बात रही। डिवाइन ने अपने परिवार को भी विशेष धन्यवाद दिया, जिन्होंने हर उतार-चढ़ाव में उनका साथ दिया। उनके करियर की सबसे बड़ी उपलब्धियों में 2024 महिला टी20 विश्व कप खिताब शामिल है, जिसे उन्होंने न्यूजीलैंड को जिताने में अहम भूमिका निभाई थी। क्रिकेट जगत में डिवाइन की विदाई को एक युग के अंत के रूप में देखा जा रहा है।