मुंबई। नेटफ्लिक्स पर 4 जुलाई को स्ट्रीम हुए ‘लॉक अप 2’ के नए एपिसोड में कंगना रनौत की एंट्री ने शो में नई ऊर्जा भर दी। शो की पहली होस्ट रहीं कंगना फैसले के दिन एक विशेष सेगमेंट होस्ट करती नजर आईं। उनकी बेबाक होस्टिंग और कंटेस्टेंट्स से तीखे सवालों ने एपिसोड को सबसे चर्चित बना दिया। शो के दौरान कंगना रनौत ने कई प्रतियोगियों की जमकर क्लास लगाई। उन्होंने राम कपूर को उनके व्यवहार पर फटकार लगाई, जबकि योगेश रावत के रिश्तों और महिलाओं के प्रति रवैये पर भी सवाल उठाए। इसके अलावा रियाज़ के 27 मिलियन फॉलोअर्स के दावे पर भी उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि उनमें कई फॉलोअर्स बॉट्स हो सकते हैं।
कंगना ने धीरज धूपर को भी खुद की तुलना शाहरुख खान से करने पर निशाने पर लिया। वहीं शो के सबसे चर्चित पलों में से एक वह रहा, जब उन्होंने राम कपूर से कहा कि उन्हें खुद को शो में आने और अभिनय करने के लायक नहीं समझना चाहिए। हालांकि कंगना सिर्फ फटकार लगाती ही नहीं दिखीं, बल्कि उन्होंने अच्छा प्रदर्शन करने वाले प्रतियोगियों की खुलकर तारीफ भी की। उन्होंने सुनीता आहूजा को सबसे ईमानदार कंटेस्टेंट बताया, जबकि श्रेया कालरा के बेबाक खेल की सराहना करते हुए उन्हें एलिमिनेशन से बचा लिया। आकांक्षा चमोला और सूफी मोतीवाला के गेम की भी उन्होंने प्रशंसा की।
कंगना की मौजूदगी के बाद सोशल मीडिया पर फराह खान और रितेश देशमुख की होस्टिंग को लेकर भी चर्चा तेज हो गई। कई दर्शकों का मानना है कि दोनों होस्ट अब तक प्रतियोगियों के व्यवहार पर उतनी सख्ती नहीं दिखा पाए, जितनी कंगना ने अपने कुछ मिनटों के सेगमेंट में दिखाई। दर्शकों ने कंगना की बेबाक, निडर और दमदार होस्टिंग को शो की पुरानी पहचान बताते हुए उनकी वापसी की सराहना की।
