नई दिल्ली। भारत अपनी BRICS अध्यक्षता के तहत 6 और 7 जुलाई को केरल के कोच्चि में BRICS महिला वर्किंग ग्रुप (WWG) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित करेगा। इस सम्मेलन में सदस्य देशों के वरिष्ठ प्रतिनिधि महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास, आर्थिक भागीदारी और वैश्विक सहयोग को मजबूत करने के मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, यह बैठक 8 और 9 जुलाई को होने वाली BRICS महिला मंत्रिस्तरीय बैठक की आधारशिला साबित होगी। सम्मेलन का उद्देश्य सदस्य देशों के बीच महिलाओं के सशक्तिकरण से जुड़ी साझा प्राथमिकताओं पर सहमति बनाना और व्यावहारिक सहयोग को बढ़ावा देना है। BRICS समूह में भारत सहित ब्राजील, रूस, चीन, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, इथियोपिया, ईरान, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात और इंडोनेशिया शामिल हैं। ये देश वैश्विक अर्थव्यवस्था और जनसंख्या का बड़ा हिस्सा प्रतिनिधित्व करते हैं, इसलिए महिलाओं की भागीदारी और नेतृत्व को लेकर होने वाली चर्चा को विशेष महत्व दिया जा रहा है।
भारत ने अपनी BRICS अध्यक्षता के लिए ‘Resilience, Innovation, Cooperation and Sustainability’ थीम निर्धारित की है। बैठक में महिलाओं की शासन व्यवस्था में भागीदारी, डिजिटल और वित्तीय समावेशन, उद्यमिता, कौशल विकास, जलवायु परिवर्तन, खाद्य सुरक्षा और पोषण जैसे प्रमुख विषयों पर रणनीति तैयार की जाएगी। माना जा रहा है कि यह सम्मेलन महिला नेतृत्व आधारित विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
