मुंबई। अंशुला कपूर और रोहन ठक्कर की शादी की रस्में पूरे उत्साह के साथ चल रही हैं। मेहंदी समारोह में अंशुला कपूर ने अपने खूबसूरत ट्रेडिशनल लुक से सभी का ध्यान खींचा। पीले और हरे रंग के पारंपरिक शेड्स से अलग उन्होंने टील-ब्लू रंग का पटोला-इंस्पायर्ड लहंगा पहनकर अपनी ब्राइडल स्टाइल को खास बना दिया।
अंशुला का यह कस्टम लहंगा डिजाइनर अर्पिता मेहता ने तैयार किया है, जो गुजरात की सदियों पुरानी पटोला बुनाई से प्रेरित है। टील-ब्लू लहंगे में बारीक थ्रेड एम्ब्रॉयडरी, मिरर वर्क और रंग-बिरंगे डिटेलिंग ने इसे बेहद आकर्षक बनाया। लुक का मुख्य आकर्षण पटोला मोटिफ्स और मेटैलिक एक्सेंट से सजा दुपट्टा रहा।
अंशुला कपूर ने बताया कि उन्होंने यह लुक अपने होने वाले ससुराल और उसकी सांस्कृतिक विरासत को सम्मान देने के लिए चुना। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि यह लहंगा गुजरात की टेक्सटाइल विरासत से जुड़े दो खूबसूरत क्राफ्ट्स—पटोला और मिरर वर्क—का अनूठा संगम है। उन्होंने यह भी बताया कि यह डिजाइनर का पहला पटोला-इंस्पायर्ड ब्राइडल लहंगा है।
अपने लुक को पूरा करने के लिए अंशुला ने टरकॉइज़ स्टेटमेंट ज्वेलरी, चंकी बीड नेकलेस, मैचिंग ईयररिंग्स और रिंग्स पहनीं। वहीं ग्लोइंग मेकअप, सॉफ्ट आई मेकअप, म्यूट पिंक लिप्स और हाफ-अप, हाफ-डाउन हेयरस्टाइल ने उनके ब्राइडल ग्लो को और निखार दिया।
अंशुला ने यह भी खुलासा किया कि मेहंदी समारोह का सबसे बड़ा सरप्राइज उनका आउटफिट नहीं, बल्कि बहनें जाह्नवी कपूर और खुशी कपूर थीं। उन्होंने बताया कि दोनों ने पूरी मेहंदी सेरेमनी को सरप्राइज के तौर पर प्लान किया था, जिसकी उन्हें पहले से कोई जानकारी नहीं थी। अंशुला ने इस खास पल को अपनी जिंदगी की सबसे खूबसूरत यादों में से एक बताया।
