रायपुर: सरकारी स्कूल में ‘प्रवेशोत्सव’ के दौरान गुंडों का तांडव, परिसर में घुसकर की मारपीट, तोड़फोड़ और महिला स्टाफ से बदसलूकी

Follow Us

रायपुर। राजधानी रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ शासकीय पं. गिरजा शंकर मिश्र हायर सेकेंडरी स्कूल (धरसीवा) परिसर में घुसकर कुछ असामाजिक तत्वों ने जमकर हंगामा, मारपीट, गाली-गलौच और तोड़फोड़ की। घटना उस वक्त हुई जब स्कूल में नए बच्चों के स्वागत के लिए ‘प्रवेशोत्सव’ कार्यक्रम चल रहा था। स्कूल प्राचार्य की लिखित शिकायत पर डीडी नगर थाना पुलिस ने नामजद आरोपियों सहित 10-12 अन्य लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है।

‘प्रवेशोत्सव’ के मंच के सामने की नारेबाजी, रोकने पर पीटा
शिकायत के अनुसार, यह पूरी घटना 3 जुलाई 2026 को दोपहर लगभग 12 से 1 बजे के बीच की है। स्कूल में कार्यक्रम चल रहा था, तभी सुजल गुप्ता, संकल्प राज कमल, आशीष सिन्हा, मन साहू, मोक्ष कुमार और उनके 10 से 12 अन्य साथी जबरन स्कूल परिसर के भीतर घुस आए।

इन लोगों ने आते ही मंच के सामने हुल्लड़बाजी और नारेबाजी शुरू कर दी। जब स्कूल प्रशासन ने उन्हें शालीनता से परिसर से बाहर जाने को कहा, तो वे और उग्र हो गए और लगातार हंगामा करते रहे।

अग्निशमन यंत्र उखाड़ने की कोशिश, महिला कर्मचारियों से दुर्व्यवहार
0 आरोपियों की गुंडागर्दी यहीं नहीं रुकी। शिकायत में बताया गया है कि:
0 आरोपियों ने स्कूल भवन के भीतर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुँचाने की नियत से वहाँ लगे अग्निशमन यंत्र (Fire Extinguisher) को उखाड़ने का
प्रयास किया।
0 जब स्कूल के शिक्षकों और कर्मचारियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उनके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू कर दी।
0 इस दौरान बीच-बचाव करने आईं महिला कर्मचारियों के साथ भी बदसलूकी और दुर्व्यवहार किया गया।
0 स्टाफ को सरेआम अभद्र गालियां दी गईं और जान से मारने की धमकियां भी दी गईं।

शासकीय कार्य में बाधा, इन गंभीर धाराओं में केस दर्ज
प्राचार्य ने अपनी शिकायत में साफ कहा है कि इस गुंडागर्दी के कारण स्कूल का शैक्षणिक माहौल पूरी तरह खराब हो गया और शासकीय कार्य में बड़ी बाधा उत्पन्न हुई।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य आरोपियों और उनके साथियों के खिलाफ BNS की धारा 191(2), 221, 324(3), और 115(2) के तहत केस दर्ज किया है।

पुलिस का बयान: “स्कूल प्राचार्य की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। घटनास्थल पर मौजूद स्टाफ और अन्य गवाहों के बयान लिए जा रहे हैं। आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीमें जांच में जुट गई हैं, जल्द ही सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

इस घटना के बाद से स्थानीय स्तर पर काफी आक्रोश है और सरकारी स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी बड़े सवाल उठ रहे हैं।