नाबालिग साली से दुष्कर्म, अश्लील वीडियो वायरल करने वाला जीजा गिरफ्तार

Follow Us

राजनांदगांव। नाबालिग साली के साथ दुष्कर्म करने और उसके अश्लील फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के आरोप में छुरिया पुलिस ने आरोपी जीजा को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, 1 जुलाई 2026 को पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपी तुषार त्यागी ने 22 अप्रैल 2025 को घर में नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया और घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।

शिकायत के मुताबिक, आरोपी 28 फरवरी 2026 को नाबालिग को बिना परिजनों की अनुमति के अपने साथ दिल्ली ले गया, जहां 1 मार्च से 30 मार्च 2026 के बीच उसके साथ कई बार जबरन शारीरिक संबंध बनाए। आरोप है कि इस दौरान उसने पीड़िता के अश्लील फोटो और वीडियो बनाकर उन्हें यूट्यूब, फेसबुक, व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम समेत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल कर दिया।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं एवं पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। मामले की विवेचना जारी है।