जशपुर में डायवर्जन पर पलटी झारखंड से कोरबा जा रही यात्री बस, 10 घायल, एक महिला की हालत गंभीर

Follow Us

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में शुक्रवार सुबह एक यात्री बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। झारखंड के रामगढ़ से यात्रियों को लेकर कोरबा जा रही श्री जय बालाजी बस (CG 14 G 0170) कुनकुरी थाना क्षेत्र के टांगरपानी स्थित डायवर्जन के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में करीब 10 यात्री घायल हो गए, जिनमें एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, बस सुबह रामगढ़ (झारखंड) से रवाना होकर कोरबा की ओर जा रही थी। टांगरपानी के पास बने डायवर्जन पर मोड़ लेते समय चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे बस पलट गई।

घटना की सूचना मिलते ही कुनकुरी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। घायलों को तत्काल इलाज के लिए कुनकुरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। गंभीर रूप से घायल महिला को डॉक्टरों की विशेष निगरानी में रखा गया है।

फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और डायवर्जन पर वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे का कारण माना जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।