रायपुर। आबकारी विभाग रायपुर ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान कुल 14.22 बल्क लीटर देशी मदिरा मसाला जब्त की गई। यह कार्रवाई सचिव आबकारी रीना बाबा साहेब कंगाले, आबकारी आयुक्त पदुम सिंह एल्मा, कलेक्टर गौरव सिंह के निर्देश तथा प्रभारी उपायुक्त आबकारी रायपुर प्रवीण वर्मा के मार्गदर्शन में की गई।
जानकारी के अनुसार, 29 जून और 1 जुलाई 2026 को आबकारी विभाग की टीम ने सूचना के आधार पर तिल्दा थाना क्षेत्र में दबिश दी। पहली कार्रवाई में वार्ड क्रमांक-17 नेवरा निवासी गौरी ध्रुव के मकान की तलाशी ली गई, जहां से 39 पाव देशी मदिरा मसाला (सुपर-36) बरामद कर जब्त किया गया।
दूसरी कार्रवाई ग्राम भिलौनी, वार्ड क्रमांक-6 में की गई। यहां मंशाराम बघेल के घर की बाड़ी में खड़ी होंडा एक्टिवा की डिक्की से 40 पाव देशी मदिरा मसाला (रोमियो) बरामद किया गया। दोनों मामलों में कुल 14.22 बल्क लीटर अवैध शराब जब्त की गई। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(2) और 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।
पूरे प्रकरण को आबकारी उपनिरीक्षक वृत्त तिल्दा मेधा मिश्रा ने पंजीबद्ध किया। कार्रवाई में आबकारी आरक्षक अमिताभ सिंह ध्रुव, जितेन्द्र मिश्रा तथा वाहन चालक रेवाराम की विशेष भूमिका रही। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ आगे भी अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग का कहना है कि इस तरह की सख्त कार्रवाई का उद्देश्य अवैध शराब कारोबार पर रोक लगाना और कानून व्यवस्था को मजबूत करना है।
