धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में आत्महत्या के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। तीन दिन पहले एक ही दिन तीन युवकों द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने के बाद अब दो और लोगों ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर अपनी जान दे दी। अलग-अलग स्थानों पर हुई इन घटनाओं से जिले में सनसनी फैल गई है। लगातार सामने आ रहे मामलों ने समाज और प्रशासन दोनों की चिंता बढ़ा दी है।
जानकारी के अनुसार, पहला मामला अर्जुनी थाना क्षेत्र के ग्राम खर्तूली का है। यहां रहने वाले दानीराम साहू ने अपने घर में जहरीले पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या कर ली। वह कृषि कार्य से जुड़े हुए थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दूसरा मामला कुरूद थाना क्षेत्र के ग्राम सिंधौरी खुर्द का है। यहां के निवासी पूनेंद्र यादव ने भी अपने घर में जहरीले पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या कर ली। परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा।
दोनों मामलों में आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।
गौरतलब है कि 30 जून को भी धमतरी जिले में एक ही दिन तीन युवकों द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले सामने आए थे। पहली घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के मकेश्वर वार्ड की थी, जहां संजू साहू ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। दूसरी घटना अर्जुनी थाना क्षेत्र के अछोटा गांव में हुई, जहां गोपाल यादव ने फांसी लगाकर जान दे दी। वहीं तीसरी घटना अर्जुनी थाना क्षेत्र के संबलपुर ओवरब्रिज के पास हुई, जहां एक युवक का शव पेड़ से फांसी के फंदे पर लटका मिला था। पुलिस सभी मामलों की जांच कर रही है।
