रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के सहकारिता विभाग की ओर से सहकारिता की भावना को बढ़ावा देने और स्वस्थ एवं समृद्ध छत्तीसगढ़ के निर्माण के उद्देश्य से 3 जुलाई को राजधानी रायपुर में ‘सहकार संकल्प दौड़’ का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम “सहकारिता की भावना के साथ, एक कदम समृद्ध छत्तीसगढ़ की ओर” थीम पर आधारित होगा।
यह दौड़ शुक्रवार, 3 जुलाई 2026 को सुबह 6 बजे रायपुर के मरीन ड्राइव (तेलीबांधा) में आयोजित होगी। इसमें प्रदेशभर से नागरिक, युवा, विद्यार्थी, किसान, सहकारी संस्थाओं के सदस्य और विभिन्न वर्गों के लोग हिस्सा लेंगे। आयोजकों के अनुसार, पुरुष और महिला दोनों वर्गों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।
सहकारिता विभाग का कहना है कि ‘सहकार संकल्प दौड़’ केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि जनजागरूकता का अभियान है। इसके माध्यम से समाज में सहयोग, एकता, स्वस्थ जीवनशैली और सामूहिक विकास का संदेश दिया जाएगा। इस आयोजन के जरिए “सहकारिता से समृद्धि”, “साथ चलें, साथ बढ़ें” और “स्वस्थ समाज, समृद्ध प्रदेश” जैसे संकल्पों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
सहकारिता विभाग ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस आयोजन में शामिल होकर सहकारिता आंदोलन को मजबूत बनाने और आत्मनिर्भर एवं समृद्ध छत्तीसगढ़ के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाएं।
