लॉस एंजिल्स। क्रिकेट को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए नाइट राइडर्स ग्रुप ने अमेरिका के लॉस एंजिल्स में अपने नए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम का उद्घाटन किया। इस ऐतिहासिक मौके पर बॉलीवुड सुपरस्टार और नाइट राइडर्स के सह-मालिक शाहरुख खान ने खेल से जुड़े प्रमुख अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
लॉस एंजिल्स के फेयरप्लेक्स पोमोना में बने इस नए नाइट राइडर्स क्रिकेट ग्राउंड का उद्घाटन लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स और वॉशिंगटन फ्रीडम के बीच खेले गए मेजर लीग क्रिकेट (MLC) मुकाबले के साथ हुआ। इसके साथ ही नाइट राइडर्स विदेश में इंटरनेशनल स्टैंडर्ड क्रिकेट स्टेडियम विकसित करने वाला पहला वैश्विक फ्रेंचाइज़ी ब्रांड बन गया है। इस अवसर पर शाहरुख खान ने सोशल मीडिया पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए लिखा, “जो एक सपने के रूप में शुरू हुआ था, वह आज हकीकत बन गया है। यह जगह सिर्फ क्रिकेट के लिए नहीं, बल्कि मनोरंजन, परिवारों और यादगार पलों के लिए भी बनाई गई है।”
उन्होंने BCCI के सचिव जय शाह, ICC और संजोग गुप्ता का विशेष रूप से धन्यवाद देते हुए कहा कि उनके सहयोग से यह सपना साकार हो सका। शाहरुख ने अपने संदेश में लिखा कि यह स्टेडियम लॉस एंजिल्स, दुनिया भर के क्रिकेट प्रेमियों और नाइट राइडर्स परिवार के लिए समर्पित है। अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार किए गए इस स्टेडियम में आठ प्राकृतिक टर्फ विकेट, 120 फीट ऊंचे छह फ्लडलाइट टावर और अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस विशाल एरीना बनाया गया है। स्टेडियम के निर्माण के दौरान 32 हजार मीट्रिक टन से अधिक मिट्टी हटाई गई।
नाइट राइडर्स स्पोर्ट्स के CEO वेंकी मैसूर ने कहा कि यह स्टेडियम अमेरिका में क्रिकेट के भविष्य के लिए एक महत्वपूर्ण निवेश है। यहां 1 से 5 जुलाई तक मेजर लीग क्रिकेट के कई मुकाबले खेले जाएंगे, जिससे LA28 ओलंपिक से पहले दक्षिणी कैलिफोर्निया को एक प्रमुख क्रिकेट हब के रूप में स्थापित करने में मदद मिलेगी। हालांकि उद्घाटन मैच में मेजबान लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स को वॉशिंगटन फ्रीडम के खिलाफ छह विकेट से हार का सामना करना पड़ा, लेकिन इस स्टेडियम को क्रिकेट के वैश्विक विस्तार की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
