चंडीगढ़। हरियाणा में कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता से राहुल गांधी के निजी सचिव (पर्सनल सेक्रेटरी) बनकर 10 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के एग्जीक्यूटिव मेंबर संजीव की शिकायत पर थानेसर सिटी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, घटना 24 जनवरी 2026 की है। संजीव के पास व्हाट्सएप कॉल आया, जिसमें कॉलर ने खुद को राहुल गांधी के निजी सचिव कनिष्क सिंह बताया। उसने चंडीगढ़ में उत्तराखंड कांग्रेस यूनिट के कथित ट्रेनिंग प्रोग्राम के आयोजन का हवाला देते हुए आर्थिक सहयोग की मांग की।
कॉलर की बातों पर भरोसा कर कांग्रेस नेता ने 10 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। अगले ही दिन आरोपी ने फिर 5 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग की। इस बार संजीव को शक हुआ और उन्होंने रकम देने से इनकार कर दिया। इसके बाद जब उन्होंने कथित ट्रेनिंग प्रोग्राम की जानकारी लेने के लिए दोबारा कॉल किया तो फोन रिसीव नहीं हुआ। कई बार संपर्क की कोशिश नाकाम रहने पर उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों से जानकारी ली, जहां पता चला कि कांग्रेस आलाकमान की ओर से ऐसा कोई प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित ही नहीं किया जा रहा था।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि शुरुआत में शर्मिंदगी के कारण उन्होंने शिकायत दर्ज नहीं कराई। बाद में सोशल मीडिया और अन्य राज्यों में सामने आए ऐसे ही फर्जीवाड़े के मामलों की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने पुलिस का रुख किया। फिलहाल पुलिस व्हाट्सएप कॉल में इस्तेमाल मोबाइल नंबरों, बैंक ट्रांजैक्शन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
