सेशेल्स सम्मान पर सियासत: महुआ मोइत्रा ने पीएम मोदी पर साधा निशाना, अवॉर्ड सर्टिफिकेट की स्पेलिंग पर उठाए सवाल

Follow Us

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सेशेल्स के तीन दिवसीय दौरे के दौरान वहां के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘गार्जियन ऑफ द ब्लू होराइजन’ से सम्मानित किए जाने के बाद अब इस पर राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है। तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद महुआ मोइत्रा ने सम्मान पत्र पर कथित स्पेलिंग त्रुटि को लेकर केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री पर निशाना साधा है।

महुआ मोइत्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए दावा किया कि सम्मान पत्र पर सेशेल्स (Seychelles) की स्पेलिंग गलत लिखी गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत ने सेशेल्स को करोड़ों रुपये की आर्थिक सहायता देने के बाद यह सम्मान प्राप्त किया, लेकिन प्रमाणपत्र पर ही गंभीर त्रुटि दिखाई दे रही है।

महुआ ने अपने पोस्ट में लिखा कि प्रधानमंत्री को पुरस्कार और विदेश यात्राएं पसंद हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि भारत ने सेशेल्स को 500 करोड़ रुपये की ग्रांट और 1250 करोड़ रुपये की क्रेडिट सहायता दी, जबकि सम्मान पत्र पर देश के नाम की स्पेलिंग ही गलत अंकित है।

वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस सम्मान के लिए सेशेल्स की जनता, सरकार और राष्ट्रपति का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि उन सभी देशों का है जो जलवायु परिवर्तन जैसी वैश्विक चुनौतियों से मुकाबला कर रहे हैं और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध हैं।

प्रधानमंत्री ने भारत-सेशेल्स संबंधों को मजबूत और दीर्घकालिक बताते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों के 50 वर्ष पूरे हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि भारत और सेशेल्स लोकतांत्रिक मूल्यों, आपसी विश्वास और साझा विकास की भावना के साथ आगे बढ़ रहे हैं तथा समुद्री सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के क्षेत्र में साझेदारी को और मजबूत करेंगे।