रायपुर। किसी बच्चे के चेहरे पर मुस्कान लाना शायद जन्मदिन मनाने का सबसे सुंदर तरीका है। रायपुर जिले में शासकीय कर्मचारी अपने जन्मदिन को इसी भावना के साथ समाज सेवा से जोड़ रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशानुसार प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के अंतर्गत संचालित “प्रोजेक्ट आओ बाँटें खुशियाँ” के माध्यम से अधिकारी और कर्मचारी अपने विशेष दिन को स्कूली तथा आंगनबाड़ी बच्चों के साथ न्योता भोज के माध्यम से साझा कर उन्हें खुशियों का उपहार दे रहे हैं।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के मार्गदर्शन में विकासखंड अभनपुर के उपरवारा आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-1 में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के जिला कार्यक्रम प्रबंधक मनीष कुमार मैजरवार ने अपना जन्मदिन बच्चों के बीच मनाया। उन्होंने बच्चों को स्कूल बैग, पुस्तकें, स्लेट एवं अन्य शैक्षणिक सामग्री वितरित की। परिवार के साथ बच्चों के बीच केक काटा और सभी को लड्डू, खीर एवं पूरी का पौष्टिक भोजन कराया। बच्चों ने भी पूरे उत्साह के साथ इस अवसर को यादगार बनाया।
इसी पहल के अंतर्गत सहायक राजस्व निरीक्षक राकेश बेहरा ने आंगनबाड़ी केंद्र पंडरी, जेएसए दुष्यंत चंद्राकर ने ग्राम फरफौद तथा ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक हरिशंकर वर्मा ने ग्राम अल्दा (तिल्दा) के आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के साथ जन्मदिन मनाते हुए केक काटा और पौष्टिक आहार वितरित किया।


