रायपुर। रायपुर-अभनपुर मुख्य मार्ग पर शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार लग्जरी बस ने ओवरब्रिज के पास बाइक को टक्कर मार दी, जिससे हादसा बेहद दर्दनाक हो गया। मृतक की पहचान धमतरी जिले के कोड़ापार गांव निवासी शिव कुमार बारले के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह धमतरी से रायपुर की ओर जा रहे थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक की मौके पर ही जान चली गई और उनकी बाइक व शव बस के अगले हिस्से में बुरी तरह फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद शव व बाइक को बस से बाहर निकाला। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
रायपुर-अभनपुर मार्ग पर दर्दनाक हादसा। तेज रफ्तार बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर मौत।
