कोरबा। जिले में हिट एंड रन का गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक नाबालिग द्वारा चलाई जा रही कार ने पहले एक डॉक्टर की गाड़ी को टक्कर मारी और फिर उन्हें कुचलने की कोशिश की। इस घटना में जिला अस्पताल कोरबा में पदस्थ सर्जन डॉ. शक्ति डिक्सेना गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जानकारी के अनुसार, डॉ. शक्ति डिक्सेना (36 वर्ष) शनिवार को अपनी स्विफ्ट डिजायर कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान हरदीबाजार थाना क्षेत्र के ग्राम रलिया मेन रोड, उमेंदीभांठा के पास तेज रफ्तार काले रंग की कार ने उनकी गाड़ी को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि डॉक्टर की कार का एयरबैग खुल गया, फिर भी उन्हें गंभीर चोटें आईं।
हादसे में डॉक्टर की दो पसलियां और अंगूठा फ्रैक्चर हो गया है, जबकि पेट, गला और कलाई में भी चोटें आई हैं। डॉ. शक्ति ने बताया कि टक्कर के बाद जब वे बाहर निकले तो आरोपी चालक ने गाड़ी को पीछे कर उन्हें दोबारा कुचलने की कोशिश की, जिससे बचने के लिए वे खेत की ओर भागे। घटना के बाद पीड़ित डॉक्टर ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। जांच में सामने आया कि कार नाबालिग द्वारा चलाई जा रही थी, जिसमें दो अन्य नाबालिग भी सवार थे। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई तथा काउंसलिंग की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
