चांपा। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में हनुमान धारा योग सेवा समिति के तत्वावधान में हनुमान धारा परिसर में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर योगाचार्य विनोद कंसारी ने उपस्थित जनों को योग एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया तथा योग के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उन्होंने बताया कि, योग और प्राणायाम में श्वास से जुड़े कई महत्वपूर्ण आसन और क्रियाएं शामिल हैं, जिनका नियमित अभ्यास शरीर को स्वस्थ, मन को शांत और जीवन को संतुलित बनाए रखने में सहायक होता है। कार्यक्रम में अनुलोम-विलोम, कपालभाति, भ्रामरी, उद्गीत, ताड़ासन एवं वृक्षासन सहित विभिन्न योगासन कराए गए।
समिति के अध्यक्ष शिवराम सोनी ने कहा कि, योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह मन, आत्मा और जीवन में संतुलन स्थापित करने का प्रभावी मार्ग भी है। वहीं पुरुषोत्तम विश्वकर्मा ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो प्राचीन काल से चली आ रही है और आज विश्वभर में अपनी अद्वितीय शक्ति के कारण विशेष पहचान बना चुकी है।
कार्यक्रम के समापन पर प्रसाद वितरण किया गया। इस अवसर पर जगन्नाथ पाठक, नरेंद्र ताम्रकार, अमृतलाल महाराणा, भोलू, सुरेश थवाईत, रामेश्वर देवांगन, सुखदेव कंसारी, बाबूलाल देवांगन, सत्यम विश्वकर्मा, शिव गड़रिया, सुधीर बाजपेयी, गिरधर बानी, प्रमोद कंसारी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
