स्कॉर्पियो की टक्कर से बुजुर्ग की मौत, 8 घायल

Follow Us

पेंड्रा। थाना क्षेत्र के ग्राम बंधी में रविवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि महिलाओं और बच्चों समेत 8 लोग घायल हो गए। इनमें से 2 घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सवारियों से भरे ऑटो को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि स्कॉर्पियो क्रमांक CG10BY7993 तेज गति से चल रही थी और उसने आगे चल रहे ऑटो क्रमांक CG31C5718 को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।

हादसे के समय ऑटो में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग सहित कुल 8 यात्री सवार थे। टक्कर के बाद सभी यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों और राहगीरों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पेंड्रा पहुंचाया। अस्पताल में इलाज के दौरान एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई, जिससे परिजनों में कोहराम मच गया। अन्य घायलों का इलाज जारी है और गंभीर रूप से घायल दो लोगों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किए जाने की संभावना जताई जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है। पुलिस के अनुसार, स्कॉर्पियो को कथित रूप से प्रद्युम्न तिवारी चला रहे थे, जो जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) कार्यालय में बाबू के पद पर कार्यरत बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस टीमें जुटी हुई हैं। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। यह भी जांच की जा रही है कि दुर्घटना में चालक की लापरवाही कितनी जिम्मेदार थी और क्या कोई अन्य कारण भी शामिल थे। इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई और सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।