युवती मौत मामला: 3 आरोपी गिरफ्तार, रिसोर्ट सील, पुलिस की बड़ी कार्रवाई

Follow Us

राजनांदगांव। थाना सोमनी क्षेत्र में युवती की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं घटना से जुड़े व्हाइसलिंगवुड्स रिसोर्ट को भी सील कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार 18 जून 2026 को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पेण्ड्री से सूचना मिलने के बाद मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, वैज्ञानिक जांच और परिजनों से पूछताछ के आधार पर आरोपियों की पहचान की। जांच में सामने आया कि युवती को बहला-फुसलाकर रायपुर ले जाया गया, रास्ते में उसे जबरन शराब पिलाई गई और उसकी स्थिति का फायदा उठाया गया। इसके बाद मुख्य आरोपी ने मनगटा स्थित रिसोर्ट में उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के दौरान युवती को चोटें भी आईं।

पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 64, 115(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों में आशुतोष हिरवानी उर्फ आशु (26), छत्रपाल उर्फ बल्लू देशमुख (25) और घनश्याम बेलचंदन (25) शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने घटना में उपयोग किए गए रिसोर्ट को सील कर दिया है और अन्य रिसोर्ट संचालकों को भी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की सख्त चेतावनी दी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।