मनी प्लांट घर की सुंदरता बढ़ाने के साथ-साथ सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक भी माना जाता है। यही वजह है कि इसे घर, ऑफिस और बालकनी में बड़े शौक से लगाया जाता है। कम देखभाल में बढ़ने वाला यह पौधा कई बार सही ग्रोथ नहीं कर पाता, जिससे लोग परेशान हो जाते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार मनी प्लांट की बढ़वार रुकने के पीछे कुछ सामान्य कारण होते हैं, जिन्हें समय रहते सुधार लिया जाए तो इसकी बेल तेजी से फैल सकती है। मनी प्लांट के लिए सही रोशनी बेहद जरूरी होती है। यह पौधा तेज धूप की बजाय हल्की और अप्रत्यक्ष रोशनी में बेहतर बढ़ता है। ज्यादा धूप से इसकी पत्तियां झुलस सकती हैं, जबकि बहुत कम रोशनी मिलने पर इसकी ग्रोथ धीमी हो जाती है। इसलिए इसे ऐसी जगह रखें जहां पर्याप्त प्राकृतिक रोशनी मिलती रहे।
पानी देने में संतुलन बनाए रखना भी जरूरी है। जरूरत से ज्यादा पानी देने पर जड़ें सड़ सकती हैं, जबकि कम पानी मिलने पर पौधा सूखने लगता है। मौसम और मिट्टी की नमी को ध्यान में रखते हुए ही पानी देना चाहिए। मिट्टी की गुणवत्ता भी पौधे की बढ़वार पर सीधा असर डालती है। हल्की, भुरभुरी और अच्छी जल निकासी वाली मिट्टी मनी प्लांट के लिए सबसे उपयुक्त मानी जाती है। समय-समय पर मिट्टी में जैविक खाद या वर्मी कम्पोस्ट मिलाने से पौधे को जरूरी पोषक तत्व मिलते रहते हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि मनी प्लांट की बेल को तेजी से बढ़ाना है तो नियमित छंटाई भी करनी चाहिए। सूखी या पीली पत्तियों को हटाने से नई शाखाओं की ग्रोथ बेहतर होती है। साथ ही, बेल को सहारा देने के लिए मॉस स्टिक या किसी सपोर्ट का इस्तेमाल किया जा सकता है, जिससे पौधा तेजी से ऊपर की ओर बढ़ता है। सही रोशनी, संतुलित पानी, पौष्टिक मिट्टी और नियमित देखभाल के साथ मनी प्लांट की बेल तेजी से बढ़ सकती है और घर की खूबसूरती में चार चांद लगा सकती है।
