रोम। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को लेकर की गई टिप्पणी ने दोनों देशों के बीच कूटनीतिक माहौल को गर्म कर दिया है। ट्रंप के बयान पर इटली सरकार ने कड़ा विरोध जताया है और विदेश मंत्री एंटोनियो तजानी ने अपना प्रस्तावित अमेरिका दौरा रद्द कर दिया है।मामला G7 शिखर सम्मेलन के दौरान की गई एक टिप्पणी से जुड़ा है, जिसमें ट्रंप ने कथित तौर पर कहा था कि मेलोनी ने उनके साथ फोटो खिंचवाने के लिए आग्रह किया था। इस बयान पर इटली की प्रधानमंत्री ने नाराजगी जाहिर करते हुए इसे गलत और अपमानजनक बताया।
मेलोनी ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर कहा कि, ट्रंप का दावा वास्तविकता से परे है। उन्होंने साफ कहा कि, इटली और उसकी सरकार किसी के सामने झुकने वाली नहीं है। मेलोनी के इस बयान के बाद इटली के कई नेताओं ने भी उनका समर्थन किया। इटली के विदेश मंत्री एंटोनियो तजानी ने कहा कि, यह टिप्पणी केवल प्रधानमंत्री मेलोनी पर नहीं, बल्कि पूरे इटली के सम्मान से जुड़ा मामला है। इसी वजह से उन्होंने मियामी में होने वाले इटली-अमेरिका बिजनेस, इन्वेस्टमेंट और साइंस फोरम में शामिल होने का फैसला बदल दिया।
इटली के रक्षा मंत्री गुइडो क्रोसेटो ने भी ट्रंप की टिप्पणी की आलोचना करते हुए कहा कि, मेलोनी जैसी नेता किसी से व्यक्तिगत लाभ के लिए अनुरोध करने वाली नहीं हैं। यह विवाद ऐसे समय में सामने आया है, जब अमेरिका और यूरोप के बीच कई अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर मतभेद पहले से मौजूद हैं। राजनीतिक विशेषज्ञ इसे ट्रंप और मेलोनी के रिश्तों में आई नई चुनौती के रूप में देख रहे हैं।

