कोरबा में विधवा महिला से 6 लाख की ठगी, डाकघर निवेश के नाम पर आरोपी ने उड़ाए पैसे, FIR दर्ज

Follow Us

कोरबा। पति की मौत के बाद बीमा राशि और ट्रैक्टर बेचकर जुटाई गई करीब 6 लाख रुपये की जमा पूंजी को सुरक्षित और लाभकारी निवेश के नाम पर ठगी का शिकार बना लिया गया। उरगा थाना क्षेत्र के फरसवानी निवासी रिंकी राठौर ने बताया कि पति दीनदयाल राठौर के निधन (सितंबर 2021) के बाद परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी उनके कंधों पर आ गई थी। इसी दौरान परिचित प्रदीप बिंझवार ने खुद को डाकघर से जुड़ा बताकर अधिक ब्याज का लालच दिया और पैसे निवेश कराने का भरोसा दिलाया। अगस्त 2022 में उसने रिंकी से लगभग 6 लाख रुपये “डाकघर में जमा कराने” के नाम पर ले लिए।

समय बीतने के बाद जब महिला ने अपनी जमा राशि की जानकारी ली तो पता चला कि उसके नाम पर केवल 50 हजार रुपये ही जमा किए गए हैं। पूछताछ करने पर आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने रकम अपने कर्ज चुकाने में खर्च कर दी।पीड़िता ने पुलिस को ऑडियो और वीडियो साक्ष्य भी सौंपे हैं। शिकायत के आधार पर उरगा थाना पुलिस ने 19 जून को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।