फादर्स डे पर पापा को दें सेहत का तोहफा, बनाएं बिना चीनी वाले खजूर-ड्राई फ्रूट्स लड्डू

Follow Us

नई दिल्ली। फादर्स डे के मौके पर अगर आप अपने पापा के लिए कुछ खास और यादगार करना चाहते हैं, तो बाजार की मिठाइयों की जगह घर पर बने हेल्दी लड्डू एक बेहतरीन विकल्प हो सकते हैं। खासतौर पर डायबिटीज से जूझ रहे पिताओं के लिए खजूर और ड्राई फ्रूट्स से बने ये लड्डू स्वाद के साथ सेहत का भी ध्यान रखते हैं। इन लड्डुओं में रिफाइंड चीनी का इस्तेमाल नहीं किया जाता। खजूर प्राकृतिक मिठास देता है, जबकि ओट्स, बादाम, अखरोट और बीज शरीर को फाइबर, प्रोटीन और जरूरी पोषक तत्व प्रदान करते हैं।

सामग्री:
ओट्स – 1 कप
बादाम – आधा कप
अखरोट – आधा कप
बीज निकाले हुए खजूर – 8 से 10
अलसी और कद्दू के बीज – 2-2 चम्मच
इलायची पाउडर – 1 चम्मच
देसी घी – 1 चम्मच

बनाने की आसान विधि:
सबसे पहले ओट्स को हल्का भून लें। इसके बाद बादाम, अखरोट और बीजों को भी हल्का सेंक लें। सभी चीजों को दरदरा पीस लें। अब खजूर को छोटे टुकड़ों में काटकर थोड़े घी में नरम करें। इसमें तैयार मिश्रण और इलायची पाउडर मिलाकर अच्छी तरह गूंथ लें। मिश्रण ठंडा होने पर छोटे-छोटे लड्डू तैयार कर लें।

इन लड्डुओं में मौजूद ड्राई फ्रूट्स और बीज दिल की सेहत के लिए भी फायदेमंद माने जाते हैं। हालांकि डायबिटीज मरीजों को इन्हें सीमित मात्रा में ही खाना चाहिए और किसी भी नई डाइट को अपनाने से पहले विशेषज्ञ की सलाह लेना बेहतर है। इस फादर्स डे पर अपने हाथों से बने ये स्वादिष्ट और हेल्दी लड्डू खिलाकर पापा को खास महसूस कराएं।